मवाना थाने का किसानों ने किया घेराव, ट्रैक्टर रोकने के आरोप पर भड़के भाकियू टिकैत एनसीआर कार्यकर्ता
मवाना थाने का किसानों ने किया घेराव
मवाना। मेरठ जनपद के मवाना कस्बे में मंगलवार शाम भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) एनसीआर के कार्यकर्ताओं ने महासचिव नरेश चौधरी के नेतृत्व में मवाना थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि मेरठ कलेक्ट्रेट में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के लिए जा रहे एक ट्रैक्टर को पुलिस ने रास्ते से वापस भेज दिया, जिससे किसानों में नाराजगी फैल गई।
मंगलवार शाम करीब 7 बजे मेरठ से लौटे किसान ट्रैक्टरों के काफिले के साथ मवाना थाने पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने करीब 15 से 20 मिनट तक थाने का घेराव करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
क्या है किसानों का आरोप?
भाकियू टिकैत एनसीआर के महासचिव नरेश चौधरी ने बताया कि 21 जुलाई को मेरठ कलेक्ट्रेट पर किसानों का धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित था। आरोप है कि मेरठ जाते समय मवाना इंस्पेक्टर ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने प्लाजा रोड से मुबारिकपुर रोड की ओर एक ट्रैक्टर को वापस भेज दिया। किसानों का कहना है कि यह कार्रवाई अनुचित थी और इससे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ।
सीओ से वार्ता के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीओ मवाना पंकज लावानिया से किसान नेताओं की फोन पर बातचीत हुई। वार्ता के बाद नरेश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन समाप्त करने और शांतिपूर्वक अपने-अपने गांव लौटने की अपील की। इसके बाद सभी किसान बिना किसी अप्रिय घटना के वहां से रवाना हो गए।
‘किसानों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान हो’
प्रदर्शन के दौरान नरेश चौधरी ने कहा कि किसानों को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाए।
पुलिस का पक्ष आना बाकी
इस पूरे मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
📲 News Highway | जो दिखेगा, वही बताएंगे… बस साफ, सच्ची और दमदार खबर।
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए News Highway को X (Twitter), Facebook, YouTube और WhatsApp पर फॉलो करें।
