विनायक विद्यापीठ में नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए ‘अभिनंदन-2026’ ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित

विनायक विद्यापीठ में नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए ‘अभिनंदन-2026’ ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित
मोदीपुरम। विनायक विद्यापीठ, मोदीपुरम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं महाविद्यालय से परिचय कराने के उद्देश्य से ‘अभिनंदन-2026’ ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। नवागंतुक छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुप्रिता शर्मा, निदेशक इंजी. विकास कुमार, डीन एकता सिंधु, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रवीन शर्मा, प्रॉक्टर सीमा चौधरी, सभी विभागाध्यक्ष एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
प्राचार्या डॉ. अनुप्रिता शर्मा ने नवागंतुक विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सकारात्मक सोच अपनाने, अनुशासन में रहकर मेहनत करने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डीन एकता सिंधु ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रवीन शर्मा ने ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट से जुड़ी सुविधाओं और अवसरों के बारे में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सचिन कुमार, रूपल, ट्विंकल एवं सुनील कुमार ने नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के निदेशक इंजी. विकास कुमार ने सभी अतिथियों, विभागाध्यक्षों, फैकल्टी सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। मंच का कुशल संचालन बीबीए विभागाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया।
‘अभिनंदन-2026’ कार्यक्रम ने नवागंतुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
