कांवड़ यात्रा 2026: फिरोजपुर महादेव मंदिर पहुंचे DM-SSP, तैयारियों का लिया जायजा; सुरक्षा व्यवस्था पर खास फोकस

फिरोजपुर महादेव मंदिर पहुंचे डीएम-एसएसपी, तैयारियों का लिया जायजा
बहसूमा (मेरठ)। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने मंगलवार को सिद्ध पीठ फिरोजपुर महादेव मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग, मंदिर परिसर, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
प्राचीन तालाब की बदहाली पर डीएम सख्त
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महर्षि दुर्वासा की तपोस्थली स्थित प्राचीन तालाब का भी जायजा लिया। तालाब की खराब स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई, सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
वहीं मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हैंडपंप लगाने की मांग रखी गई। इस पर डीएम ने पुराने स्पेयर हैंडपंप को री-बोर कराकर मंदिर परिसर के पास स्थापित कराने का आश्वासन दिया।
24 घंटे रहेंगी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 24 घंटे पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
News Highway | बहसूमा-मेरठ की हर बड़ी खबर सबसे पहले
News Highway पर पढ़ें स्थानीय खबरें और जुड़ें हमारे सोशल प्लेटफॉर्म से।
