August 1, 2026

News Highway

जो दिखेगा, वही बताएंगे।

हस्तिनापुर में शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, सुनील पोसवाल बोले- राष्ट्रभक्ति की अमर मिसाल हैं शहीद ऊधम सिंह

हस्तिनापुर (मेरठ)। महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक पर शुक्रवार को महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री एवं शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सुनील पोसवाल ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह मां भारती के सच्चे वीर सपूत थे। उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड में निर्दोष भारतीयों के नरसंहार का बदला लेने के लिए इंग्लैंड जाकर जिम्मेदार अंग्रेज अधिकारी को उसके अपराध की सजा दी। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, देशभक्ति और बलिदान का प्रतीक रहा।

उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में अंकित रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर कैलाश प्रधान, भूलन नागर, विशाल, दीपक, अंशुमन, आयुष, अरमान, शिवा, जगदीप, बलदेव सहित अन्य लोगों ने भी शहीद ऊधम सिंह को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया।

— News Highway
जो दिखेगा, वही बताएंगे।

📲 लेटेस्ट और विश्वसनीय खबरों के लिए News Highway को X (Twitter), YouTube और KahoApp पर फॉलो करें।

You may have missed