Meerut | विवाह पूर्व संवाद से मजबूत होंगे रिश्ते, बेटियां फाउंडेशन ने आयोजित किया ‘तेरे मेरे सपने’ कार्यक्रम

बेटियां फाउंडेशन ने आयोजित किया 'तेरे मेरे सपने' कार्यक्रम
Meerut। बेटियां फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल “तेरे मेरे सपने” (PMCC) विवाह पूर्व संवाद केंद्र के अंतर्गत “मंथन मिशन” के तहत विवाह पूर्व संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शास्त्री नगर स्थित एसोसिएट प्लाजा कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वैवाहिक जीवन के प्रति जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील बनाना रहा।
कार्यक्रम में एमिटी यूनिवर्सिटी, अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), यूपीएस देहरादून, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, एसआरएम इंस्टीट्यूट, विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी और ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए करीब 17 युवाओं ने भाग लिया।
करीब तीन घंटे तक चले संवाद सत्र में बेटियां फाउंडेशन की PMCC प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की प्रमुख अंजू पांडेय और नोडल अधिकारी कुसुम शर्मा ने प्रतिभागियों के साथ खुलकर चर्चा की।
संवाद के दौरान विवाह से पहले एक-दूसरे को समझने, प्रभावी संवाद, आपसी सम्मान, विश्वास, पारिवारिक मूल्यों, जिम्मेदारियों, आर्थिक योजना, मानसिक एवं भावनात्मक परिपक्वता तथा भविष्य की अपेक्षाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिभागियों ने माना कि विवाह केवल एक सामाजिक रस्म नहीं, बल्कि जीवनभर की साझेदारी और जिम्मेदारी है, जिसकी सफलता आपसी समझ, विश्वास और संवाद पर निर्भर करती है।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विवाह पूर्व सही मार्गदर्शन और खुला संवाद भविष्य में वैवाहिक जीवन को अधिक सुखद, सम्मानपूर्ण और स्थायी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में आकृति, अवनी, हलीमा, कुशाग्र, पावनी, प्रियांश, राधिका, रति, रोहन, सूकैना, वीर प्रताप, कृष्णा, प्रथम और यशिका सहित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय महिला आयोग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए बेहद उपयोगी बताया।
बेटियां फाउंडेशन की अध्यक्ष बबीता कटारिया ने कहा कि “तेरे मेरे सपने” विवाह पूर्व संवाद केंद्र का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील बनाना है, ताकि वे समझदारी के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत करें और खुशहाल परिवार एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
📲 News Highway के साथ जुड़े रहें और पढ़ें मेरठ व आसपास की हर बड़ी खबर।
“जो दिखेगा वही बताएंगे… बस साफ, सच्ची और दमदार खबर।”
