July 29, 2026

News Highway

जो दिखेगा, वही बताएंगे।

मेरठ: मवाना में हिस्ट्रीशीटर ने युवक को मारी गोली, कपड़ा व्यापारी सलमान गंभीर, मेरठ रेफर

मेरठ: मवाना में हिस्ट्रीशीटर ने युवक को मारी गोली, कपड़ा व्यापारी सलमान गंभीर, मेरठ रेफर

मेरठ के मवाना में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत। हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ तीसमारखां पर कपड़ा व्यापारी सलमान को गोली मारने का आरोप। घायल मेरठ रेफर, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी। पूरी खबर पढ़ें केवल News Highway पर।

मेरठ।

मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मवाना के मोहल्ला काबलीगेट निवासी कपड़ा व्यापारी सलमान को पड़ोस में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ तीसमारखां ने कथित रूप से गोली मार दी। गोली सलमान की कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे सलमान किसी काम से पड़ोस की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ तीसमारखां से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया।

गोली लगते ही सलमान सड़क पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया।


वारदात के बाद आरोपी फरार

फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजा उर्फ तीसमारखां मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मवाना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


सीओ मवाना पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मवाना पंकज लवानिया भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल के परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।


आरोपी की तलाश में दबिश

पुलिस के अनुसार आरोपी हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ तीसमारखां की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की भी गहन जांच कर रही है।


पुलिस का बयान

पुलिस का कहना है कि घायल पक्ष की तहरीर और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

📲 News Highway – जो दिखेगा, वही बताएंगे… बस साफ, सच्ची और दमदार खबर।
X (Twitter): @mynewshighway | Website: newshighway.in