बहसूमा के सिद्धपीठ महादेव मंदिर में बाबा अमरनाथ बर्फानी स्वरूप के हुए दिव्य दर्शन, जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर

बहसूमा/सैफपुर फिरोजपुर (मेरठ)। सावन माह में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा सोमवार शाम सैफपुर फिरोजपुर स्थित प्राचीन श्री सिद्धपीठ महादेव मंदिर में देखने को मिला। यहां भगवान भोलेनाथ का बाबा अमरनाथ बर्फानी स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए क्षेत्र और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

संध्या आरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। भगवान शिव के दिव्य एवं मनमोहक बर्फानी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र में शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।

आरती के समय पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव”, “जय बाबा अमरनाथ बर्फानी” और “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा। भक्ति के माहौल में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आरती में भाग लिया। मंदिर की आकर्षक सजावट और विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

आरती के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर प्रबंधन समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री सिद्धपीठ महादेव मंदिर में नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान, संध्या आरती और विशेष पर्वों पर भव्य आयोजन किए जाते हैं। इन आयोजनों में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। सोमवार को आयोजित इस विशेष धार्मिक कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

Scroll to Top