श्रावण मास की आस्था से शिवमय हुआ मवाना, कांवड़ यात्रा से पहले प्राचीन महादेव मंदिर का हुआ भव्य श्रृंगार

मवाना (मेरठ)। श्रावण मास और पावन कांवड़ यात्रा के आगमन के साथ ही मवाना नगर पूरी तरह शिवमय वातावरण में रंगने लगा है। नगर स्थित प्राचीन महादेव मंदिर को श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए आकर्षक रंग-रोगन कर नया एवं भव्य स्वरूप दिया गया है। मंदिर का सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद इसकी भव्यता और आध्यात्मिक आभा देखते ही बन रही है।

मंदिर की दीवारों, प्रवेश द्वार और परिसर के विभिन्न हिस्सों में पेंटरों द्वारा रंगाई-पुताई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नए रंगों से सजे मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है। मंदिर परिसर अब भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्त गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए इस प्राचीन मंदिर में पहुंचेंगे। इसे देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय लोगों द्वारा परिसर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

स्थानीय निवासी मनोज कुमार सिंह, राजीव रस्तोगी, आदित्य, दीपक और सुमित्रा देवी ने बताया कि कांवड़ यात्रा से पूर्व मंदिर का सौंदर्यीकरण कराना वर्षों पुरानी परंपरा है। मंदिर के नए स्वरूप को देखकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और पूरे नगर में भक्ति का वातावरण बना हुआ है।

नगरवासियों और शिवभक्तों ने प्रशासन एवं मंदिर समिति से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्वक भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें।

हर-हर महादेव… बोल बम के जयकारों के साथ अब मवाना नगर कांवड़ यात्रा के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रहा है।

Scroll to Top