डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया शताब्दीनगर में पौधरोपण, बोले- पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता

मेरठ। शताब्दीनगर सेक्टर-5 स्थित मैडमार्ट स्टडी सर्किल द्वारा संचालित “एक घर–एक पौधा” अभियान के तहत बुधवार सायंकाल भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राष्ट्रपति पुरस्कार एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित ईहा दीक्षित विशिष्ट अतिथि रहीं। दोनों अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है और करोड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर एवं आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।

विशिष्ट अतिथि ईहा दीक्षित ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मात्र साढ़े चार वर्ष की आयु से पौधरोपण की शुरुआत की थी और अब तक 30 हजार से अधिक पौधे लगा चुकी हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

मैडमार्ट स्टडी सर्किल के संस्थापक डॉ. अंकित शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को पुस्तक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी है। इसी सोच के साथ संस्थान ने “एक घर–एक पौधा” अभियान शुरू किया है, ताकि प्रत्येक परिवार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अक्षय भारद्वाज सहित मैडमार्ट स्टडी सर्किल की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सोमेंद्र तोमर, ईहा दीक्षित एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने पार्क में पौधरोपण किया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने “एक घर–एक पौधा” लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आदित्य शर्मा, मंडल अध्यक्ष नवीन नेहरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रूप किशोर शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरीश कोरी, कार्यक्रम आयोजक डॉ. अंकित शर्मा, नामित पार्षद सुनील वर्मा, नामित पार्षद संजय शर्मा, स्थानीय पार्षद रामबीर, दीपक राणा (चेयरमैन), सुभाष शर्मा, कुलदीप, विजय प्रधान, विनोद गौतम, संदीप पाराशर, रघुनंदन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top