बहसूमा (मेरठ)। सावन माह की पावन बेला में श्री सिद्ध पीठ काली नवग्रह मंदिर, बटावली-खतौली रोड स्थित कैलाशपुरी में गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां काली एवं नवग्रह देवताओं के दर्शन किए और विधि-विधान से प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। मां काली के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
भंडारे के मुख्य आयोजक देवशीष ज्वेलर्स, मेन बाजार बहसूमा के प्रोपराइटर रविंद्र अग्रवाल, बहसूमा व्यापार मंडल के मंत्री सचिन अग्रवाल (प्रो. शाकंभरी बिल्डिंग मटेरियल) तथा युवा कार्यकारिणी के देवाशीष अग्रवाल और कार्तिक अग्रवाल रहे। आयोजन को सफल बनाने में व्यापार मंडल एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का भी विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर बहसूमा व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष सिंघल ने सभी आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव, भाईचारे और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में सभासद वीरेंद्र नागर, दीपक नागर, विष्णु नागर, अरुण कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मां काली के दरबार में शीश नवाकर क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों के सेवा भाव की सराहना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति, सेवा और श्रद्धा के रंग में रंगा रहा।
📢 News Highway | जमीनी खबरें, बेबाक अंदाज़।
अपने क्षेत्र की हर बड़ी और विश्वसनीय खबर सबसे पहले पढ़ने के लिए जुड़े रहें News Highway के साथ।