मवाना (मेरठ)। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, NEET पेपर लीक और परीक्षा परिणामों में हो रही विसंगतियों को लेकर रविवार को मवाना और मेरठ कोचिंग संघ के अध्यापकों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। बैठक मवाना कोचिंग संघ अध्यक्ष राहुल कुमार के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार, सचिन कुमार, तरुण कुमार, विपिन प्रधान, विमल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
बैठक में शिक्षकों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, NEET पेपर लीक मामले, विभिन्न परीक्षाओं के स्कोर कार्ड जारी न होने और रिजल्ट में आ रही गड़बड़ियों को लेकर चिंता जताई। शिक्षकों का कहना था कि इन मुद्दों का सीधा असर लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है।
कोचिंग संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, सभी अध्यापकों ने दिल्ली जाकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और विद्यार्थियों के समर्थन में आंदोलन में शामिल होने की तैयारी की थी। लेकिन इससे पहले ही प्रशासन ने राहुल कुमार के आवास पर मौजूद सभी अध्यापकों को हाउस अरेस्ट कर लिया।
अध्यापकों ने बताया कि उन्होंने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग किया और दिल्ली नहीं गए। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कोचिंग संघ अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विद्यार्थियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना गलत है।
शिक्षकों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यवस्था को बाधित करना नहीं बल्कि परीक्षाओं में पारदर्शिता और विद्यार्थियों को न्याय दिलाना है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो।
📢 विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे की जमीनी रिपोर्ट के लिए जुड़े रहें News Highway के साथ।
जो दिखेगा वही बताएंगे… बस साफ, सच्ची और दमदार खबर।