मेरठ/गाजियाबाद। मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड और प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज मामले में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पीड़ित परिवार ने गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने परिवार की पूरी बात सुनने के बाद मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के भी आदेश जारी किए।
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात को मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया गया कि सीएम योगी ने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री असीम अरुण की मुलाकात के बाद तेज हुई कार्रवाई
इससे एक दिन पहले प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली थी। मुलाकात के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हुई।
परिवार लगातार मामले के सह-अभियुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा था, लेकिन अधिकारियों द्वारा समय पर गंभीरता नहीं दिखाने के कारण स्थिति प्रदर्शन तक पहुंच गई।
सह-अभियुक्त पर हत्या की धाराएं बढ़ीं, भेजा गया जेल
प्रदर्शन और लाठीचार्ज की घटना के बाद मामला लखनऊ तक पहुंचा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एडीजी मेरठ ने पूरे प्रकरण का विस्तृत विश्लेषण किया। करीब तीन घंटे तक केस की समीक्षा के बाद सह-अभियुक्त के खिलाफ हत्या में शामिल होने की अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं और उसे जेल भेज दिया गया।
विवेचनाधिकारी CO सौम्या अस्थाना पर विभागीय जांच
मामले की विवेचना कर रहीं सीओ सौम्या अस्थाना की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। जांच में लापरवाही सामने आने के बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही उनसे केस की विवेचना वापस लेकर दूसरे सर्किल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
लाठीचार्ज और थप्पड़बाजी पर भी होगी कार्रवाई
प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और एसएसपी द्वारा कथित थप्पड़बाजी की घटना को लेकर भी सरकार गंभीर नजर आ रही है। मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदर्शन कानून के विरुद्ध है, लेकिन यदि पीड़ित की शिकायत समय पर सुनी जाती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच जारी है और जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार को मिलेगा सरकारी सहयोग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके तहत आवास और आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
📢 News Highway: देश और प्रदेश की हर बड़ी खबर सबसे पहले पढ़ने के लिए जुड़े रहें News Highway के साथ।