पत्रकारों का सम्मान लोकतंत्र का सम्मान, मीडिया से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : डीजीपी राजीव कृष्ण
डीजीपी राजीव कृष्ण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने पुलिस और मीडिया के संबंधों को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और जनता तक सही, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी का दायित्व है कि वह पत्रकारों के साथ सम्मानजनक, पेशेवर और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखे।
डीजीपी ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, पारदर्शी प्रशासन और जनता के विश्वास को मजबूत करने के लिए पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय और आपसी विश्वास बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अधिकारी द्वारा मीडिया के साथ अनावश्यक टकराव या असम्मानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मीडिया से दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
राजीव कृष्ण ने कहा कि यदि कोई पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पत्रकारों के साथ उचित व्यवहार नहीं करता है, तो ऐसे अधिकारियों को पहले आवश्यक एडवाइस (सलाह) दी जाएगी। यदि इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि जनता तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना भी उसकी जिम्मेदारी है। इस कार्य में मीडिया पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोगी है।
पुलिस और पत्रकार विरोधी नहीं, जनहित के साझेदार
डीजीपी ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के विरोधी नहीं बल्कि जनहित में कार्य करने वाले साझेदार हैं। जहां पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करती है, वहीं पत्रकार निष्पक्ष और तथ्यात्मक समाचारों के माध्यम से जनता को जागरूक करते हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाओं के बीच जितना अधिक सम्मान, संवाद और सहयोग होगा, उतना ही लोकतंत्र मजबूत होगा और जनता का प्रशासन पर भरोसा भी बढ़ेगा।
लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को मिलेगा बल
डीजीपी राजीव कृष्ण का यह संदेश उत्तर प्रदेश में पुलिस और मीडिया के संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। उनका यह बयान स्पष्ट करता है कि पत्रकारों का सम्मान केवल मीडिया का सम्मान नहीं, बल्कि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनहित का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार यदि मिलकर सकारात्मक वातावरण में कार्य करें तो समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
News Highway
“जो दिखेगा, वही बताएंगे… बस साफ, सच्ची और दमदार खबर।”
📲 लेटेस्ट और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहें News Highway के साथ।
