देश बचाने के लिए विपक्ष को बड़ा दिल दिखाकर स्थानीय दलों को साथ लेना होगा: विनय रतन सिंह

विनय रतन सिंह
बहसूमा (मेरठ)। भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने कहा कि यदि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाना है और जमीनी स्तर पर प्रभावी लड़ाई लड़नी है, तो बड़े विपक्षी दलों को अपना दायरा बढ़ाते हुए क्षेत्रीय और स्थानीय राजनीतिक दलों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि देशहित में विपक्ष को बड़ा दिल दिखाने की आवश्यकता है।
रविवार को बहसूमा क्षेत्र के गांव हंसापुर में आजाद समाज पार्टी (आसपा) के वरिष्ठ नेता कुंवर देवेंद्र सिंह के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विनय रतन सिंह ने कहा कि आजाद समाज पार्टी में पूरी तरह लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू है। उन्होंने बताया कि पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ स्वयं प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों का सर्वे करा रहे हैं, ताकि योग्य, सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा जा सके।
उन्होंने बताया कि पार्टी अब तक लगभग 45 विधानसभा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है और शेष सीटों पर भी सर्वे एवं संगठनात्मक समीक्षा के बाद उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।
हस्तिनापुर सीट पर फैसला शीर्ष समिति करेगी
हस्तिनापुर विधानसभा सीट से चंद्रशेखर आजाद के चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में विनय रतन सिंह ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी की शीर्ष समिति करेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस विषय पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
प्रेसवार्ता से पहले विनय रतन सिंह ने मुजफ्फरनगर जनपद की मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव जड़बड़ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
