मेरठ पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, रैपिड रेल से किया सफर; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हुए शामिल
मेरठ पहुंचे BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेरठ पहुंचे। उन्होंने दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत (रैपिड रेल) से यात्रा की। मेरठ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
रैपिड रेल स्टेशन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्टेशन के अंदर से लेकर बाहर तक कार्यकर्ताओं की भीड़ दिखाई दी। भाजपा के झंडों और नारों के बीच प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। कई नेताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के बाद पंकज चौधरी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर प्रशासन और पार्टी संगठन की ओर से पहले से तैयारियां की गई थीं। रैपिड रेल स्टेशन परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण स्टेशन परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। मन की बात का प्रसारण 40 सेकेंड के लिए नेटवर्क प्रॉब्लम की वजह से बाधित रहा.
News Highway | जो दिखेगा, वही बताएंगे…
