मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिरने से उसमें रह रहे एक ही परिवार के पिता समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत अभियान चलाया।
हादसे में इस्लामुद्दीन (52 वर्ष), उनके 8 माह के बेटे जीशान, 2 वर्षीय बेटे आहद, 5 वर्षीय बेटी अल्शिफा और 12 वर्षीय बेटी रुखसार की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मलबे से दो अन्य घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कच्चे मकान की कमजोर स्थिति हादसे की वजह मानी जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार के लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।