तालाब का उफान बना किसान के अरमानों का दुश्मन: बहसूमा में 20 बीघा गन्ने की फसल बर्बाद, खेत में रो पड़ा किसान

बहसूमा (मेरठ)। बहसूमा कस्बे के वार्ड नंबर-7 में तालाब का ओवरफ्लो होना एक किसान के लिए बड़ी त्रासदी बन गया। लगातार हुई बारिश के बाद तालाब की दीवार टूटने से पानी किसान सुबोध शर्मा के खेत में भर गया, जिससे करीब 20 बीघा में तैयार गन्ने के पौधे की पूरी फसल नष्ट हो गई। लगभग 10 दिनों तक खेत में पानी भरा रहने के कारण फसल सड़ गई और किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

रविवार सुबह जब किसान सुबोध शर्मा अपने खेत पर पहुंचे तो पानी तो काफी हद तक उतर चुका था, लेकिन 20 बीघा में लगी गन्ने की पूरी फसल बर्बाद हो चुकी थी। महीनों की मेहनत को यूं तबाह होता देख किसान खेत में ही सिर पकड़कर बैठ गया और उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें संभाला और ढांढस बंधाया।

ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि खेती की बढ़ती लागत के बीच प्राकृतिक आपदाएं किसानों की कमर तोड़ रही हैं। उनका आरोप है कि यदि तालाब की समय रहते सफाई कराई जाती और जल निकासी की समुचित व्यवस्था होती, तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था।

किसान अनूप शर्मा, इदरीश नेता, इकबाल, राजेंद्र, आदेश नागर और दिनेश नागर सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नुकसान का सर्वे कराने, प्रभावित किसान को उचित मुआवजा देने तथा तालाब की मरम्मत और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

इस संबंध में एसडीएम मवाना संतोष कुमार ने बताया कि तहसील प्रशासन की ओर से पटवारी और नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर फसल का निरीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर नुकसान का आकलन कर शासन की नियमानुसार किसान को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Scroll to Top