बहसूमा (मेरठ)।
नगर पंचायत बहसूमा के मोहल्ला चौनपुरा स्थित वार्ड संख्या-5 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गली का रास्ता अत्यंत संकरा होने के कारण नगर पंचायत की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी गली के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रही, जिससे स्थानीय नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
🏘️ 25 परिवारों को रोजाना झेलनी पड़ रही दिक्कत
बताया जा रहा है कि उक्त गली में करीब 25 मकान बने हुए हैं, जहां अधिकांश परिवार मजदूरी व नौकरीपेशा हैं। सुबह के समय लोग अपने-अपने कार्य पर निकल जाते हैं और घरों में महिलाएं ही मौजूद रहती हैं। ऐसे में गली के बाहर खड़ी कूड़ा गाड़ी तक कूड़ा ले जाना महिलाओं के लिए बेहद असुविधाजनक साबित हो रहा है।
🦠 सड़क पर गिर रहा कूड़ा, फैल रही गंदगी
कई बार कूड़ा गाड़ी तक ले जाते समय कूड़ा सड़क पर गिर जाता है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। इसका असर न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि राहगीरों के स्वास्थ्य और आवागमन पर भी पड़ रहा है।
📝 नगर पंचायत को सौंपा गया प्रार्थना पत्र
स्थानीय निवासी एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद शाकिर फरीदी ने इस समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
उन्होंने मांग की है कि गली के अंदर ई-रिक्शा या किसी वैकल्पिक छोटे वाहन के माध्यम से नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क पर कूड़ा न गिरे और क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।
📢 जल्द समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत और शासन-प्रशासन से शीघ्र सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
इस मौके पर रियाजुद्दीन, निजामुद्दीन चौधरी, जलालुद्दीन, रिजवान अहमद, कलीमुद्दीन, वकील, अरशद राजपूत, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद कामिल, मोहम्मद इकबाल, कप्तान मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
