उत्तर प्रदेश में एक और नया जिला बनने की संभावना बढ़ी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने संकेत दिए कि अलीगढ़, गंगीरी और डिबाई क्षेत्र को मिलाकर ‘कल्याण सिंह नगर’ (kalyan singh nagar) नाम से नया जिला बनाया जा सकता है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को जल्द एक नया जिला मिल सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ के अतरौली, गंगीरी और बुलन्दशहर के डिबाई क्षेत्र को मिलाकर ‘कल्याण सिंह नगर’ (kalyan singh nagar) नाम से नया जिला बनाने के संकेत दिए हैं। यह प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृति को समर्पित बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार इस नए जिले को लेकर प्रशासनिक प्रस्ताव पर विचार कर रही है। जल्द ही राजस्व और गृह विभाग की संयुक्त रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस घोषणा की चर्चा के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अतरौली, गंगीरी और डिबाई के लोगों का कहना है कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। स्थानीय लोगों ने इसे कल्याण सिंह की राजनीतिक और जनसेवा यात्रा का सम्मान बताया है।
जानकारों का कहना है कि नया जिला बनने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीण इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकेगा।
