Meerut। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिए गए गन्ना मूल्य वृद्धि के निर्णय को किसानों के सम्मान और समृद्धि का प्रतीक बताया है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने एक बार फिर साबित किया है कि किसान हित भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा —
“प्रदेश के किसानों के हित में यह एक ऐतिहासिक फैसला है। भाजपा सरकार सदैव किसानों के सम्मान, कल्याण और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध रही है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गन्ने के दाम में ₹30 प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक वृद्धि की है। अब अगेती प्रजाति का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति का ₹390 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।”
दिनेश खटीक ने आगे कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना किसानों को लगभग ₹3000 करोड़ रुपये का सीधा लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हार्दिक आभार जताया और सभी गन्ना किसानों को शुभकामनाएं दीं।
खटीक बोले — भाजपा सरकार किसानों की सरकार है
राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा किसानों के हक में नीतिगत फैसले लिए हैं। गन्ने का बढ़ा हुआ मूल्य न सिर्फ किसानों की आय में इजाफा करेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में किसानों की खुशहाली के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं।
किसानों में खुशी की लहर
दिनेश खटीक की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। किसानों ने भी उनके बयान का स्वागत किया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और बिजनौर जैसे गन्ना उत्पादक जिलों में किसान संगठनों ने इसे “किसान सम्मान का फैसला” बताया है।
किसानों के साथ खड़े रहने वाले नेता के रूप में छवि मजबूत
हस्तिनापुर से विधायक दिनेश खटीक लंबे समय से किसान हितों के मुद्दे उठाते रहे हैं। जलशक्ति विभाग में रहते हुए उन्होंने नहरों की सफाई, सिंचाई सुविधाओं और जल प्रबंधन पर कई योजनाओं की निगरानी की है। उनका कहना है कि “प्रदेश के विकास की नींव किसान हैं, और जब किसान खुश होंगे तभी उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।”
गन्ना मूल्य वृद्धि से किसानों की आय में इजाफा
राज्यमंत्री के अनुसार, गन्ने का यह नया मूल्य किसानों की आर्थिक स्थिति को सशक्त करेगा। मिलों से समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए सरकार पहले ही कई सख्त कदम उठा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब यह मूल्य वृद्धि किसानों के परिश्रम का उचित सम्मान है।
इस निर्णय के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे। इसी खुशी के मौके पर राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने हस्तिनापुर क्षेत्र से आए किसानों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कार्यक्रम में हस्तिनापुर और दौराला क्षेत्र के कई किसान नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन दौराला गन्ना समिति रविंद्र, विवेक शर्मा, साब्बे प्रधान, अजीत चौधरी, प्रेमपाल सिंह, अंग्रेज सिंह संधू, जगजीत सिंह विर्क, हरजीत सिंह विर्क, सतनाम सिंह गुराया, महेंद्र सिंह गुराया, सतनाम सिंह विर्क, जसवंत राय, उपकार सिंह, मंजीत सिंह विर्क, सूबा सिंह विर्क समेत कई किसान मौजूद रहे।

