News Highway

खबरों का Digital अड्डा

झुनझुनी नहर में बहता अज्ञात पुरुष का शव पेड़ से अटका, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा

बहसूमा की झुनझुनी नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

बहसूमा की झुनझुनी नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

बहसूमा। झुनझुनी नहर पुल के पास गुरुवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नहर के तेज बहाव के साथ आया शव किनारे खड़े शीशम के पेड़ से आकर अटक गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि झुनझुनी नहर पुल से अकबरपुर की ओर नहर किनारे शीशम के पेड़ में एक शव फंसा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार शव करीब 40 वर्षीय अज्ञात हिंदू पुरुष का है, जो काफी समय से पानी में रहने के कारण सड़ी-गली अवस्था में था। मृतक के बाएं हाथ पर ‘मां’ गुदा हुआ पाया गया है, जिससे उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ मवाना पंकज लवानिया भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *