रामराज। किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। टिकौला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों से खरीदे गए गन्ने का संपूर्ण मूल्य भुगतान कर दिया है। इससे क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिला है।
शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि मिल द्वारा 20 जनवरी 2026 से 23 जनवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल ₹13.20 करोड़ (तेरह करोड़ बीस लाख रुपये) का भुगतान किया गया है। यह पूरी राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है, जिससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम रही।
अधिशासी अध्यक्ष ने किसानों से अपील की है कि वे अपने-अपने संबंधित बैंकों के माध्यम से भुगतान की पुष्टि अवश्य कर लें। साथ ही उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकौला शुगर मिल द्वारा आगे से सप्ताह में दो बार—मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
मिल प्रबंधन ने किसानों से यह भी आग्रह किया है कि वे चीनी मिल को साफ-सुथरा, ताजा, जड़-पत्ती, मिट्टी एवं हरे अगोले से रहित गन्ना ही आपूर्ति करें, जिससे पेराई कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिन किसानों के पास पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध है, वे चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सट्टा प्राप्त कर सकते हैं।
अंत में मिल प्रबंधन ने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपना बेसिक कोटा अवश्य पूरा करें तथा टिकौला शुगर मिल में अधिक से अधिक गन्ना आपूर्ति कर मिल द्वारा चलाई जा रही इनामी एवं उपहार योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।
👉 समय पर भुगतान और स्पष्ट नीति से किसानों में विश्वास बढ़ा है, जो क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत है।
✍️ News Highway – किसानों की आवाज़, सच के साथ।
