tikola-sugar-mill-cane-payment-9-87-crore-2025-26

टिकोला शुगर मिल ने किसानों को दी बड़ी राहत, 9.87 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान सीधे खातों में ट्रांसफर

रामराज। टिकोला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ना मूल्य भुगतान की एक और महत्वपूर्ण किस्त जारी कर दी है। शुगर मिल द्वारा 31 जनवरी 2026 से 2 फरवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल 9.87 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी (Direct Bank Transfer) के माध्यम से भेजा गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए टिकोला शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने बताया कि मिल प्रबंधन किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि सभी संबंधित किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। साथ ही किसान भाई अपने-अपने बैंक से भुगतान की पुष्टि अवश्य कर लें।

अधिशासी अध्यक्ष ने आगे बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को गन्ना मूल्य भुगतान नियमित रूप से किया जाएगा, जिससे भुगतान प्रक्रिया और अधिक सुचारू हो सके।

शुगर मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे मिल में साफ-सुथरा, ताजा, जड़-पत्ती, मिट्टी एवं हरे अगोले से रहित गन्ना ही आपूर्ति करें। यदि पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध हो, तो किसान चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सट्टा प्राप्त कर सकते हैं।

इसके साथ ही किसानों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे अपना बेसिक कोटा पूर्ण करें और टिकोला शुगर मिल में अधिक से अधिक गन्ना आपूर्ति कर इनामी व उपहार योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *