मुजफ्फरनगर: क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। टिकौला शुगर मिल में पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। मिल प्रबंधन की ओर से किसानों को अब तक 14 करोड़ 79 लाख रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
जानकारी के अनुसार, मिल में तीन से छह फरवरी के बीच खरीदे गए गन्ने का भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया गया है। गन्ना किसानों का कहना है कि समय पर भुगतान मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है और खेती से जुड़े आगामी कार्यों में भी सहूलियत होगी।
मिल अधिकारियों ने बताया कि पेराई सत्र 2025–26 को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपना साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण गन्ना ही मिल में आपूर्ति करें, जिससे पेराई कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।
किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह समय पर भुगतान मिलता रहा, तो गन्ना उत्पादन में और बढ़ोतरी होगी। टिकौला शुगर मिल द्वारा किए जा रहे नियमित भुगतान को लेकर क्षेत्र के किसानों में संतोष और भरोसे का माहौल देखा जा रहा है।
