स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माता प्रख्यात मूर्तिकार राम सुतार का निधन, 100 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

नोएडा। दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माता, प्रख्यात मूर्तिकार पद्म भूषण राम सुतार का 100 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से कला, संस्कृति और शिल्प जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों के अनुसार, राम सुतार का अंतिम संस्कार आज गुरुग्राम के सेक्टर–94 में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, शिल्पकारों और गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना है।

राम सुतार को भारत ही नहीं, बल्कि विश्वभर में उनकी ऐतिहासिक और यथार्थवादी मूर्तिकला के लिए जाना जाता है। उन्होंने देश के महान नेताओं और महापुरुषों की सैकड़ों प्रतिमाओं का निर्माण किया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, जो गुजरात के केवड़िया में स्थित है, उनकी सबसे बड़ी और विश्वविख्यात कृति मानी जाती है।

राम सुतार को उनके अतुलनीय योगदान के लिए पद्म श्री, पद्म भूषण सहित अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा गया। उनका जीवन भारतीय मूर्तिकला को वैश्विक पहचान दिलाने वाला रहा।

उनके निधन पर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, कलाकारों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया और इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उनके पुत्र अनिल सुतार ने निधन की पुष्टि की।