सिवाल खास। Sewal Khas News
आज दिनांक 26 जनवरी को न्यू सिवाल खास इंटर कॉलेज में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता अनवार कुरैशी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान का गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
ध्वजारोहण के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने तिरंगे को नमन करते हुए संविधान और राष्ट्र की एकता-अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन हमें हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाता है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आबिद मास्टर जी, अतीक अंसारी, आतिफ चौहान, दुष्यंत चौहान, मोहम्मद सलीम, आसिफ कुरैशी, अनस चौहान, फरहान कुरैशी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
Web Title: 77th Republic Day celebrated at New Sewal Khas Inter College with flag hoisting by BJP leader Anwar Qureshi and national anthem ceremony.
