मेरठ के सरधना में दिल दहला देने वाला कांड: कश्यप समाज के युवक को दबंगों ने जिंदा जलाया
मेरठ के सरधना में दिल दहला देने वाला कांड: कश्यप समाज के युवक को दबंगों ने जिंदा जलाया
मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र स्थित ज्वालागढ़ गांव से एक बेहद हृदय विदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि कश्यप समाज के एक युवक को गांव के दबंगों ने बेरहमी से जिंदा जला दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का गांव के कुछ दबंग लोगों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते दबंगों ने युवक पर हमला किया और उसे आग के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने जब तक आग बुझाने की कोशिश की, तब तक युवक की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी और उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हत्या सामाजिक दबंगई और जातिगत उत्पीड़न का नतीजा है।
अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि दबंगों ने सरधना क्षेत्र के ज्वालागढ़ में कश्यप समाज के एक युवा को ज़िंदा जलाकर मारने का जो कुकृत्य किया है, उसके लिए हम पूरे पीडीए समाज की तरफ़ से आवाज़ उठाते हैं। न्याय हो!
घटना के बाद कश्यप समाज और अन्य सामाजिक संगठनों में भारी रोष है। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की है। गांव और आसपास के इलाकों में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह मामला एक बार फिर कानून-व्यवस्था और कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग अब तेज होती जा रही है।
सरधना विधायक अतुल प्रधान ने अपने x अक्कुनत पर लिखा है कि पीड़ित शोषित वंचित की आवाज बनने का काम हम समाजवादी लोग सड़क से लेकर सदन तक करेंगे ! हमारे नेता आदरणीय
@yadavakhilesh जी ने हमेशा जरुरतमंदो की मदद करने की सीख हम सबको दी है
बसपा सुप्रीमो मायवती ने ट्विटर पर पोस्ट करते हुवे लिखा है कि यूपी में मेरठ के सरधना क्षेत्र में ही पिछड़े वर्ग से कश्यप समाज के एक युवक को जलाकर मार देने की अति क्रूर व शर्मनाक घटना की जितनी भर्त्सना की जाये वह कम है। ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिये शासन व प्रशासन दोनों स्तर पर अनवरत उचित सजगता व सक्रियता आवश्यक। ऐसे असामाजिक व आपराधिक तत्वों को क़ानून का डर होना ज़रूरी।