सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति रैली का आयोजन, छात्राओं को दी गई महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी

बहसूमा। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत शनिवार को सनातन धर्म पब्लिक स्कूल, बहसूमा में महिला सुरक्षा और जागरूकता पर आधारित रैली एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ साइबर क्राइम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक कोमल चौधरी ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर छात्राओं ने बहसूमा कस्बे में रैली निकालकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक कोमल चौधरी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपात सेवा), 108 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और राष्ट्रीय पोषण मिशन प्रमुख हैं। इसके साथ ही छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी देकर आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक अरूण कुमार दक्ष, प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम दक्ष सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा का संदेश दिया।