सैफपुर-फिरोजपुर, रामराज में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक दीवार गिरने से चार मजदूर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। चौकी इंचार्ज जगत पाल के अनुसार अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामराज। चौकी रामराज क्षेत्र के सैफपुर–फिरोजपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें चार मजदूर घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार घायलों में एक का नाम सोन्टी बताया जा रहा है।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज जगत पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि “घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया है। फिलहाल चौकी पर किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ है।”
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतज़ाम कमजोर थे, जिसके चलते हादसा हुआ। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई तहरीर मिलने के बाद की जाएगी।
