News Highway

खबरों का Digital अड्डा

सदरपुर में स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह वालीबाल टूर्नामेंट का भव्य आगाज, दो दर्जन टीमें उतरें मुकाबले में

बहसूमा। बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव सदरपुर में स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह तीन दिवसीय वालीबाल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ शनिवार दोपहर महाराजा सूरजमल स्पोर्ट्स एकेडमी, सदरपुर में किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सरदार अमृत पाल सिंह और ग्राम प्रधान श्यामों देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही मैदान में खिलाड़ी उत्साह और जोश के साथ उतर गए और अपनी बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजक सोकिंदर भाई जी और वार्ड नंबर तीन से जिला पंचायत सदस्य पद के भावी उम्मीदवार प्रणव चौधरी ने बताया कि तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट में लगभग दो दर्जन टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आयोजन समिति ने बताया कि विजेता टीम को ₹11,000 का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹7,100 और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

बाहर से आने वाली टीमों के लिए रहने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी असुविधा के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। टूर्नामेंट का समापन सोमवार को किया जाएगा, जिसमें राज्य मंत्री दिनेश खटीक मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

इस अवसर पर प्रणव चौधरी, सोकिंदर भाई जी, चेतन देशवाल, सागर देशवाल, अभय देशवाल, शोभित राणा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैदान में रोमांच और प्रतियोगिता का जोश पूरे दिन बना रहा।