बहसूमा में आरएसएस रामराज खंड द्वारा बाल पथ संचलन निकाला गया। लगभग 150 बाल स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल करते हुए देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
बहसूमा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रामराज खंड द्वारा बहसूमा नगर में बृहस्पतिवार को भव्य बाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 150 बाल स्वयंसेवकों ने गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए पूरे नगर में देशभक्ति, एकता और संगठन का मजबूत संदेश दिया। घोष की धुन पर कदमताल करते इन नन्हे स्वयंसेवकों का जोश और उत्साह नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पथ संचलन के दौरान सड़क किनारे बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने बाल स्वयंसेवकों का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह संचलन पुनः श्री दुर्गा मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां नागरिकों और संघ कार्यकर्ताओं द्वारा संगठित रूप से अभिवादन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विभाग बौद्धिक प्रमुख पंकज, रामराज खंड के माननीय खंड संघ चालक ब्रह्मचारी सिंह, तथा मवाना सह जिला कार्यवाह अंकुश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। विभाग बौद्धिक प्रमुख पंकज ने बताया कि यह संचलन सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के चारों साहिबजादों के बलिदान दिवस को समर्पित है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह के परिवार ने हिंदू समाज, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसने पूरे समाज में जागृति और संगठन की भावना को प्रबल किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक ऐसा संगठन है जो व्यक्तिगत और राष्ट्रीय स्तर पर चरित्र निर्माण का कार्य करता है तथा विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक संगठन बन चुका है। वही रामराज खंड संघ चालक ब्रह्मचारी सिंह ने बाल स्वयंसेवकों को भारत माता के सच्चे पुत्र बताते हुए कहा कि ये बच्चे सनातन विचारधारा और सेवा भावना के साथ समाज को सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई, जिससे संचलन बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अनुशासन, संगठनबद्धता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में विभाग बौद्धिक प्रमुख पंकज, ब्रह्मचारी सिंह, अंकुश सहित बड़ी संख्या में संघ पदाधिकारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
