रामराज। रामराज क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन गश्त अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व चौकी इंचार्ज जगतपाल सिंह ने किया। गश्त के दौरान क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई।
गश्त अभियान के दौरान उपनिरीक्षक धर्मवीर सिंह एवं उपनिरीक्षक संदीप कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इनके साथ हार्ड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में पैदल व वाहन से गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। पुलिस टीम ने आम नागरिकों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।
चौकी इंचार्ज जगतपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या आपराधिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस के इस गश्त अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नियमित पुलिस गश्त से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्राप्त होगा।
— News Highway
