रामराज/मुजफ्फरनगर। राजपुर तिलोरा गांव में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत भारतीय गौ सेवा संघ द्वारा महिला शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और अधिकारों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी, प्रदेश प्रभारी अमित कुमार, जिला अध्यक्ष बिजनौर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, अल्पसंख्यक जिला आयोजन टीम मुजफ्फरनगर शामिल रही। परिवार परामर्श केंद्र से प्रीति चौहान, प्रभारी अपर्णा यादव, थाना जानसठ से सब इंस्पेक्टर रजनी और काउंसलर प्रसन्ना चौधरी ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा निवारण, हेल्पलाइन सेवाएं, कानूनी सहायता, आत्मरक्षा, सरकारी योजनाएं तथा महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। उपस्थित टीम ने भरोसा दिलाया कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को हर संभव सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
