राजमिस्त्री की दीवार के नीचे दबकर मौत, शव पहुंचने पर परिजनों का फूटा गुस्सा,बहसूमा थाने पर जमकर हंगामा, सड़क पर लगाया जाम
बहसूमा। रामराज चौकी क्षेत्र में हरियाली पेट्रोल पंप के पीछे निर्माणाधीन पेट्रोल पंप की चारदीवारी ढहने से हुए हादसे के बाद शुक्रवार शाम को बहसूमा थाने पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए रोहित (28 वर्ष) की दिल्ली में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। शव बहसूमा पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और थाने के सामने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
जमीन मालिक अधिवक्ता को बुलाने की मांग, परिजनों का गुस्सा फूटा
गुस्साए परिजनों ने मवाना निवासी प्लॉट मालिक अधिवक्ता को मौके पर बुलाने की मांग की। परिजन और ग्रामीण थाने के मुख्य मार्ग पर बैठ गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। महिलाएं भी सड़क पर बैठकर धरने में शामिल हो गईं।
पुलिस ने काफी समझाने-बुझाने के बाद हालात को काबू में किया, लेकिन परिजन तब तक डटे रहे जब तक कि जमीन मालिक को कार्रवाई के लिए थाने बुलाने की मांग पूरी न हो।
कैसे हुआ हादसा? भरभरा कर गिरी 8 फीट ऊंचाई की दीवार
बहसूमा पुलिस के अनुसार, मवाना निवासी एक अधिवक्ता ने NH-119 पर पेट्रोल पंप निर्माण के लिए जमीन खरीदी है। इसी जमीन की चारदीवारी पर बृहस्पतिवार को प्लास्टर का कार्य चल रहा था।
रोहित के साथ विनोद, सोंटी और अभिषेक भी मजदूरी का कार्य कर रहे थे।
- भूमि का लगभग 8 फीट भराव किया गया था
- ट्रैक्टर के जरिए मिट्टी समतल की जा रही थी
- इसी दौरान दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी
- दीवार के नीचे दबकर चारों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए
घायलों को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रोहित की हालत नाजुक होने पर दिल्ली रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों का कोहराम “बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया”
रोहित की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, परिवार में मातम छा गया।
रोहित पीछे पत्नी आशा, मां संतो, और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
परिजन शव को देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। बच्चों का बिलखना गांव वालों को भी भावुक कर गया।
ग्रामीणों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठाते हुए कहा—
“इन बच्चों के सिर से बाप का साया उठ गया, इनका सहारा कौन बनेगा?”
प्रभारी बोले प्लॉट मालिक को नोटिस, न आने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में कार्यवाहक थाना प्रभारी ओवैस खान ने बताया कि—
“प्लॉट मालिक अधिवक्ता को सूचना दे दी गई है।
यदि वह थाने नहीं आता है, तो मृतक के परिजनों की तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
खबर लिखे जाने तक परिजन और ग्रामीण थाने पर जुटे हुए थे और कार्रवाई के लिए डटे रहे।