हस्तिनापुर तक मेट्रो विस्तार की मांग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में भाजपा नेताओं ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में भाजपा नेताओं ने जताया आभार
हस्तिनापुर/मेरठ। देश की प्रथम रैपिड रेल एवं मेट्रो परियोजना के उद्घाटन अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शताब्दी मेट्रो स्टेशन पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री एवं मन की बात कार्यक्रम के जिला प्रभारी तथा शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने अपने साथियों के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान जिला मंत्री सुनील पोसवाल ने महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर, जो हिंदू, सिख और जैन धर्म की संगम स्थली तथा सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र रही है, को केंद्र सरकार के बजट में शामिल कर विशेष विकास योजनाएं बनाए जाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने भविष्य में मेट्रो सेवा का विस्तार हस्तिनापुर तक किए जाने का अनुरोध भी किया।
सुनील पोसवाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश देश का नंबर वन हाईवे नेटवर्क वाला प्रदेश बन चुका है और भारत के लगभग 25 शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और आधारभूत संरचना सहित हर क्षेत्र में देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। इसी गति से भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनकर विश्व का नेतृत्व करेगा और “विश्व गुरु” के रूप में स्थापित होगा। प्रधानमंत्री की “राष्ट्र प्रथम” और “अंत्योदय” की भावना के तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला मंत्री सुनील पोसवाल ने प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी तथा निवर्तमान श्रम राज्य मंत्री पंडित सुनील भराला का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया।
