पिथौरागढ़ (उत्तराखंड)। जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से ठीक पहले दूल्हन के अचानक गायब होने से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। मेहंदी की रस्म के दौरान लापता हुई युवती का कई घंटों तक कोई सुराग न मिलने पर गांव के बुजुर्गों ने ऐसा फैसला लिया जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में नौकरी करने वाली युवती कुछ दिनों पहले ही अपनी शादी के लिए गांव लौटी थी। परिवार में खुशी का माहौल था और मेहंदी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हन अचानक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई। घरवालों ने उसे आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। युवती का मोबाइल भी बंद मिला।
बारात पहुंचने का समय नज़दीक, परिवार पर टूटा संकट
दूसरी ओर, समय के अनुसार बारात गांव की ओर बढ़ रही थी। मुहूर्त निकलने का डर और दुल्हन के गायब होने की वजह से दोनों परिवार तनाव में आ गए। कई घंटों की तलाश के बाद जब कोई रास्ता नहीं निकला तो गांव के बुजुर्गों ने बैठक कर फैसला लिया कि शादी को रोका नहीं जाएगा।
छोटी बहन बनी दुल्हन
हालात को देखते हुए दोनों पक्षों ने सहमति बनाई कि दूल्हन की छोटी बहन से शादी कराई जाए। परिवार ने जल्दबाजी में छोटी बहन को दुल्हन की तैयारियों में लगाया और वही लहंगा, वही गहने और मेहंदी के साथ उसे मंडप में बैठाया गया। निर्धारित मुहूर्त पर सात फेरे संपन्न कर शादी पूरी की गई।
इस हैरान कर देने वाली घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई है। वहीं दूल्हन के गायब होने को लेकर परिवार और ग्रामीण अभी भी आश्चर्य में हैं।
