ओवरलोड ट्रक पलटा मोड़ खुर्द पुल पर, गन्ना बिखरने से सड़क जाम, किसी को नहीं लगी चोट
बहसूमा: थाना बहसूमा क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। 15 मार्च, रविवार शाम करीब 8:00 बजे राज बैंकट हॉल के पास मोड़ खुर्द पुल के निकट एक गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक में गन्ना उसकी क्षमता से अधिक भरा हुआ था। जैसे ही ट्रक मोड़ खुर्द पुल पर पहुंचा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही गन्ना सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों के खतरे को उजागर किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों पर रोजाना ओवरलोड वाहन बेखौफ दौड़ते हैं। कई बार प्रशासन से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
इस मामले में थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह ने कहा कि फिलहाल उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, लेकिन जांच कर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।