बहसूमा। क्षेत्र में हुई अचानक बारिश और तेज ओलावृष्टि ने ग्रामीण जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इस प्राकृतिक आपदा से जहां किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, वहीं बड़ी संख्या में पशु-पक्षी बेघर होकर खुले में भटकने को मजबूर हैं। हालात को देखते हुए भारतीय गौ सेवा टीम रामराज की ओर से प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की गई है।
भारतीय गौ सेवक एवं मेरठ जिला उपाध्यक्ष परविंदर चौधरी ने बताया कि तेज ओलावृष्टि के कारण ग्रामीण इलाकों में पशुओं के लिए चारे, आश्रय और उपचार की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कई स्थानों पर पशुओं के बीमार होने की सूचनाएं मिल रही हैं, जिससे पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो पशु-पक्षियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
ग्रामीण शिव कुमार ने बताया कि ठंड, बारिश और ओलों के कारण पशुओं के रहने के स्थान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, वहीं चारे की भारी कमी हो गई है। इसी क्रम में शरद कुमार ने कहा कि लगातार नमी और ठंड के चलते पशुओं में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तुरंत अस्थायी पशु आश्रय स्थल, चारा और दवाइयों की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीण मनोज कुमार ने कहा कि मौजूदा हालात में पशु और पक्षी अत्यधिक परेशानी झेल रहे हैं। ठंड और नमी के कारण उनकी जान पर बन आई है। यदि जल्द राहत नहीं पहुंचाई गई तो नुकसान और अधिक बढ़ सकता है।
इस अवसर पर अजय कुमार, विजय कुमार, आदेश शर्मा और रोहित कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने प्रशासन से शीघ्र राहत कार्य शुरू करने की अपील की।
