नेपालगंज का दिव्य धाम : मां बागेश्वरी शक्तिपीठ की अद्भुत कथा, नवरात्रि में गूंजता है जयकारा
नेपालगंज बांके स्थित सिद्ध पीठ बागेश्वरी मंदिर
बागेश्वरी मंदिर ( नेपाली : बागेश्वरी मंदिर ) नेपाल के सबसे महत्वपूर्ण हिंदू मंदिरों में से एक है। यह लुंबिनी प्रांत में नेपालगंज के केंद्र में है। यह देवी बागेश्वरी- दुर्गा को समर्पित है। मंदिर क्षेत्र में एक और प्रसिद्ध मंदिर भी है – मूंछों वाले शिव का मंदिर, जो देश के केवल दो ऐसे मंदिरों में से एक है।
भारत और नेपाल की पावन सीमा पर स्थित है मां बागेश्वरी शक्तिपीठ, जहां माता सती की जिह्वा गिरी थी। यह स्थान युगों-युगों से देवी उपासकों के लिए आस्था और शक्ति का अद्भुत केंद्र माना जाता है।
“या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥”
कथा मिलती है कि जब राजा दक्ष ने भगवान महादेव का अपमान किया, तब माता सती ने यज्ञ अग्नि में आहुति देकर अपना शरीर त्याग दिया। व्यथित शिव ने माता का अंग-देह उठाकर तांडव करना आरंभ किया। जब संपूर्ण सृष्टि कंपित हो उठी, तब भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र से माता के अंगों को पृथ्वी पर विभक्त कर दिया। जहां-जहां अंग गिरे, वहां-वहां शक्तिपीठ प्रकट हुए। नेपालगंज की इस पावन धरती पर जब माता की जिह्वा गिरी, तो यहां मां बागेश्वरी ने शक्ति स्वरूप में वास किया।
चैत्र और शारदीय नवरात्र पर यहां भव्य मेले और पूजन का आयोजन होता है। दूर-दूर से भक्त यहां खिंचे चले आते हैं। मंदिर प्रांगण “जय मां बागेश्वरी” के गगनभेदी नारों से गूंज उठता है और हर ओर देवी शक्ति का अद्भुत कंपन अनुभव होता है।
गर्भगृह के दर्शन की परंपरा भी अद्वितीय है। भक्त पहले समिति को आहुति अर्पित करते हैं। इसके पश्चात पुजारी कपाट बंद कर रुई की मोटी बत्ती प्रज्वलित करते हैं और ज्योति की छाया में मां का दिव्य स्वरूप प्रकट होता है। यह क्षण हर श्रद्धालु के लिए अलौकिक अनुभव होता है, मानो स्वयं मां प्रकट होकर आशीर्वाद दे रही हों।
मंदिर परिसर में स्थित वटवृक्ष (पीपल) भी भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है। श्रद्धालु उसकी परिक्रमा करते हैं और हृदय में विश्वास लिए मां से मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।
“सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके।
शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणि नमोऽस्तुते॥”
Web Title: Nepalganj ka Divya Dham: Maa Bageshwari Shaktipeeth ki Adbhut Katha
News Highway पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़: देश-विदेश की ताज़ा खबरें, लाइव अपडेट और स्पेशल रिपोर्ट पढ़ें। उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें News Highway के साथ।
