एमवीएल ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में छात्रों ने बनाई रंगोलियां, मनाई धनतेरस और दीपावली की खुशियां

हस्तिनापुर। नगर स्थित एमवीएल ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सुंदर-सुंदर रंगोलियां बनाकर विद्यालय परिसर को रंगों से सजा दिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय में उत्सव का माहौल देखकर छात्र और शिक्षक दोनों बेहद प्रसन्न दिखाई दिए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा मेरठ के जिला मंत्री एवं शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने कहा कि धनतेरस का पर्व हर वर्ष कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है। यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे। इसलिए इस दिन को धन और स्वास्थ्य के उत्सव के रूप में पूरे भारतवर्ष में बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान धन्वंतरि को चिकित्सा और आयुर्वेद का देवता माना जाता है, इसी कारण इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा भी विशेष रूप से की जाती है।

शिक्षाविद् पोसवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति का हर एक त्योहार विज्ञान पर आधारित है, जो हमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। दीपावली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इसी दिन भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे और उनके आगमन की खुशी में दीप जलाए गए थे। इसलिए दीपावली हमें अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र जैसे महिपाल सिंह, सुरेश कुमार, शिवानी, पारुल, संगीता, आर्यन पोसवाले, अर्जुन गंगा, आशु, प्रतीक, अनिरुद्ध आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दीप प्रज्वलन और देश की समृद्धि की कामना के साथ किया गया।