मेरठ, बहसूमा | News Highway
फागण माह के पावन अवसर पर मेरठ जनपद के बहसूमा क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर सकिश्त के प्राचीन महादेव मंदिर में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। दूर-दराज से आने वाले कांवड़िए यहां विश्राम करते हुए भगवान शिव के दर्शन कर अपनी आगे की यात्रा पर प्रस्थान कर रहे हैं।
मंदिर परिसर में ग्रामीणों द्वारा श्रद्धा और समर्पण के साथ कांवड़ सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर में कांवड़ियों के लिए दूध, दही, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई है। सेवा में जुटे ग्रामीण दिन-रात सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं के विश्राम, सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रख रहे हैं।
सेवा कार्य में पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, मांगे चौधरी, मनोज कुमार, हरिंदर सिंह, सुभाष कुमार, परमल, डॉ. अनिल, रविंद्र कुमार, सर्वेंद्र कुमार और प्रवीण कुमार सहित अनेक ग्रामीण बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। वहीं स्थानीय समाजसेवी एवं भारतीय गौ सेवा संघ मेरठ के जिला उपाध्यक्ष परविंदर चौधरी और मनोज कुमार जुड़े कार्यकर्ता भी सेवा शिविर में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं, जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि फागण के इस पावन अवसर पर शिवभक्तों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। श्रद्धालु यहां विश्राम कर नव ऊर्जा के साथ अपनी यात्रा आगे बढ़ाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हो रहा है।
इस प्रकार मोहम्मदपुर सकिश्त शिव मंदिर परिसर में फागण माह के दौरान आस्था, श्रद्धा और सेवा भाव का अनुपम उदाहरण देखने को मिल रहा है।
