मेरठ (बहसूमा)। सावन माह की पावन बेला में क्षेत्र के मोहम्मदपुर सकिश्त स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा है। यहां श्रद्धा और सेवा भावना के साथ भव्य कांवड़ शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जहां दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है।
शिविर में कांवड़ियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। दूध, दही, फल एवं अन्य प्रसाद की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ विश्राम और ठहरने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। मंदिर परिसर में “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से माहौल पूरी तरह शिवमय बना हुआ है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व ग्राम अध्यक्ष सहित पूरी कमेटी सेवा कार्य में निरंतर जुटी हुई है। सेवा कार्य में पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, डॉ. अनिल कुमार, भारतीय गौ सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष परविंदर चौधरी, हरिंदर कुमार, जोगिंदर चौधरी, मांगेराम, परमल चौधरी, छोटू, डॉ. नीरज कुमार, सुभाष चौधरी, अंकित गिरी, आदेश प्रधान, ओम प्रकाश, रैंचू, सनसपाल और सविंदर सहित अनेक ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कांवड़ियों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा की जा रही है। क्षेत्रवासियों द्वारा शिविर की सराहना की जा रही है और ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
सावन के इस पवित्र माह में मोहम्मदपुर सकिश्त का यह शिविर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बनकर उभर रहा है।
“जहां सेवा में समर्पण हो, वहीं सच्ची भक्ति का वास होता है।”
