मेरठ में स्टंटबाजों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मवाना खुर्द बाईपास पर 25-30 लाख की दो महंगी बाइक सीज, वीडियो वायरल
मेरठ में स्टंटबाजों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मेरठ के मवाना खुर्द बाईपास टोल के पास महंगी बाइकों पर स्टंट कर रहे युवकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। चौकी इंचार्ज सतेन्द्र कुमार ने चेकिंग के दौरान दो बाइकों को सीज किया और एक बाइक का चालान काटा। बाइकों की कीमत 25 से 30 लाख बताई जा रही है।
Mawana । सड़क पर स्टंटबाजी करके जान जोखिम में डालने वाले युवकों पर मेरठ पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। मवाना खुर्द बाईपास टोल टैक्स के पास कुछ युवक अपनी महंगी बाइकों पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।
मवाना खुर्द चौकी इंचार्ज सतेन्द्र कुमार ने चेकिंग के दौरान इन युवकों को रोका और सख्त कार्रवाई करते हुए दो बाइकों को सीज कर दिया। इसके साथ ही एक अन्य बाइक का चालान भी किया गया। पुलिस के अनुसार, जिन बाइकों को जब्त किया गया है उनकी कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने स्टंट करने वाले युवकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगे से सड़क पर इस तरह की हरकत की गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
