मेरठ का ‘इंश्योरेंस किलर’: बीमा पॉलिसियों के नाम पर अपने ही परिवार का कत्ल
मेरठ का ‘इंश्योरेंस किलर’
उत्तर प्रदेश का मेरठ इन दिनों एक सनसनीखेज़ मामले को लेकर सुर्ख़ियों में है। यहां के रहने वाले विशाल सिंघल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी लालच और ख़ूनी साज़िश से बीमा कंपनियों को भी हिला कर रख दिया। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मामूली आमदनी वाला यह शख्स, अपनी पत्नियों और परिवार के लोगों की जान लेकर करोड़ों रुपए का बीमा क्लेम लेता रहा।
पत्नी, मां और पिता बने शिकार
सबसे पहले विशाल ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा और उसकी बीमा पॉलिसी से 80 लाख रुपए प्राप्त किए। इसके बाद उसने अपनी ही मां को मार डाला और 22 लाख रुपए बीमा कंपनी से हासिल किए। लालच की हद पार करते हुए उसने अपने पिता के नाम पर 50 करोड़ रुपए का बीमा कराया। पिता की हत्या के बाद विशाल को 50 लाख रुपए का क्लेम मिल चुका था और बाकी रकम आने वाली थी। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसकी चालाकी को पकड़ लिया। पेशे से फोटोग्राफर विशाल की सालाना आय 12-15 लाख रुपये है। पुलिस को उससे जानकारी मिली कि उसने अपने पिता मुकेश सिंघल के नाम पर नौ बीमा कंपनियां जिनमें निवा बूपा, टाटा एआईजी, मैक्स लाइफ, आदित्य बिरला, बजाज एलियांज, एचडीएफसी एर्गो आदि से 39 करोड़ रुपये का बीमा कराया।
चौथी पत्नी बच गई
विशाल ने अपनी चौथी शादी भी एक खतरनाक योजना के तहत की थी। उसने नई पत्नी के नाम पर 3 करोड़ रुपए का बीमा करवाया और हत्या की तैयारी कर ली थी। मगर इस बार किस्मत ने साथ नहीं दिया। उसकी पत्नी ने 14 दिन के भीतर ही उसके इरादों को भांप लिया और मायके चली गई। इसी वजह से आज उसकी ज़िंदगी बची हुई है। इस पत्नी ने पुलिस को बताया कि विशाल का असली पेशा ही शादी करना, बीमा पॉलिसी कराना और फिर कत्ल करके पैसे हड़पना था।
IPS अनुकृति शर्मा का खुलासा
इस घोटाले का भंडाफोड़ जिले की तेज़तर्रार IPS अधिकारी अनुकृति शर्मा ने किया। जांच के दौरान उन्हें शक हुआ कि महज़ 25 हज़ार रुपए महीना कमाने वाले एक शख्स के पास इतनी महंगी बीमा पॉलिसियां कैसे हो सकती हैं। जब गहराई से इन्वेस्टिगेशन किया गया तो सामने आया कि विशाल के नाम पर कुल 64 बीमा पॉलिसियां हैं, जिनकी कुल कीमत 100 करोड़ रुपए से ज़्यादा है।
बीमा कंपनियों पर सवाल
यह मामला केवल एक आपराधिक केस नहीं है बल्कि बीमा कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। आखिर एक साधारण व्यक्ति के नाम पर दर्जनों पॉलिसियां कैसे जारी हो गईं? यह भी जांच का हिस्सा है कि क्या किसी एजेंट या कर्मचारी की मिलीभगत थी।
पुलिस ने रविवार को आरोपी विशाल सिंघल और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया। विशाल से सख्ती से पूछताछ की। इसमें उसने माता-पिता की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। अब पुलिस उसकी पत्नी की मौत की भी जांच कर रही है। दरअसल, पत्नी की मौत के बाद भी उसने बीमा कंपनी से 80 लाख रुपए लिए थे। दोनों आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं।
सनसनी और सियासत
मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग हैरान हैं कि कैसे एक इंसान लालच में अपने ही परिवार की जान ले सकता है। पुलिस अब इस केस को मिसाल के तौर पर देख रही है ताकि भविष्य में ऐसे मामलों पर रोक लग सके।
कुल मिलाकर, विशाल सिंघल का यह इंश्योरेंस मर्डर मॉडल देश के लिए एक चेतावनी है कि लालच इंसान को कितना बेरहम बना सकता है।
