मेरठ: दो दिन पहले हुई स्कूल संचालक अतुल की मौत का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी और सपेरों संग रची थी सांप से हत्या की साजिश

मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले स्कूल संचालक अतुल की संदिग्ध मौत के मामले में मेरठ पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। मामले में मृतक की पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो सपेरों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों पर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

पहले दूध में मिलाई नशीली गोलियां, फिर सांप से डसवाया

पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात वाली रात अतुल को पहले दूध में नशीली गोलियां मिलाकर पिलाई गईं, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद कथित तौर पर सपेरों की मदद से कॉमन करैत (Common Krait) प्रजाति के जहरीले सांप से उसे डसवाया गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पक्ष ने लगभग 5 हजार रुपये देकर यह जहरीला सांप मंगवाया था। पुलिस के अनुसार, दामिनी ने अपने प्रेमी से ऐसा सांप लाने को कहा था, जिसके एक बार डंसने के बाद अतुल को संभलने का मौका भी न मिले।

मौत के बाद रचा गया हादसे का नाटक

पुलिस के अनुसार, अतुल की मौत की पुष्टि होने के बाद आरोपियों ने सांप को भी मार डाला और शव के पास छोड़ दिया, ताकि मामला सामान्य सर्पदंश का लगे। वारदात के बाद प्रेमी तुषार और दोनों सपेरे मौके से फरार हो गए।

अगली सुबह दामिनी ने परिजनों को बताया कि अतुल की मौत सांप के काटने से हुई है और उसने सांप को लाठी से मार दिया।

पुलिस जांच में खुला पूरा राज

प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भारत के सबसे जहरीले सांपों में शामिल है कॉमन करैत

विशेषज्ञों के अनुसार, कॉमन करैत भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है। इसके जहर का असर सीधे तंत्रिका तंत्र पर पड़ता है और समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है।

नोट: यह समाचार मेरठ पुलिस द्वारा किए गए खुलासे और दर्ज एफआईआर/प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों पर आधारित है। मामले में लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय में सुनवाई और साक्ष्यों के आधार पर होगा।

#Meerut #CrimeNews #AtulMurderCase #Damini #CommonKrait #UPNews #MeerutPolice #BreakingNews #NewsHighway

Scroll to Top