News Highway

खबरों का Digital अड्डा

मेरठ में दिल दहला देने वाली वारदात: युवती की हत्या कर शव पुलिस चौकी के पास फेंका, तेजाब से जलाया चेहरा

मवाना खुर्द फ्लाईओवर के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी

मवाना खुर्द फ्लाईओवर के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी

मेरठ। जिले में प्रधानमंत्री के दौरे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी के चलते पुलिस हाई अलर्ट पर होने के बावजूद एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। मवाना क्षेत्र में अज्ञात युवती की बेरहमी से हत्या कर उसका शव पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर फेंक दिया गया। पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने युवती का चेहरा तेजाब से जला दिया।

पुलिस चौकी के पास मिला शव

घटना मेरठ-पौड़ी हाईवे स्थित मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास फ्लाईओवर की सर्विस रोड की है। शनिवार शाम वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर एक फार्म हाउस की दीवार के पास पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सतेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

प्राथमिक जांच में मृतका की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है। युवती ने काले रंग की लेगी और टी-शर्ट पहन रखी थी तथा उसके सीधे हाथ में कड़ा मिला है। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि हत्या करीब 24 घंटे पहले की गई।

पहचान छिपाने के लिए चेहरा जलाया

फोरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया था, जिससे चेहरा बुरी तरह झुलस गया। इसी वजह से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया।

फार्म हाउस में कार्यक्रम के दौरान चला पता

जिस स्थान पर शव मिला, वहां स्थित फार्म हाउस में कार्यक्रम आयोजित था। लोगों ने अपने वाहन दीवार के पास खड़े किए थे। इसी दौरान किसी की नजर शव पर पड़ी और घटना का खुलासा हुआ।

पहचान के प्रयास जारी

महिला सिपाहियों ने मौके पर शव और कपड़ों की जांच की तथा आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है।

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि युवती की पहचान के लिए जिले के सभी थानों में शव की फोटो भेजी गई है और डीसीआरबी के माध्यम से गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस को जल्द पहचान होने की उम्मीद है।

जांच तेज, कई पहलुओं पर काम

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और हाईवे से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *