मवाना (मेरठ)। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा हाईवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को एनएच-34 स्थित भैंसा टोल प्लाजा पर मवाना पुलिस एवं मेरठ हरिद्वार हाईवे लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही दोपहिया वाहन पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया गया।
इस अवसर पर यातायात नियमों का पालन करने वाले सतर्क वाहन चालकों को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित भी किया गया, जिससे अन्य वाहन चालक भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हो सकें। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए।
टोल कंपनी के मैनेजर प्रमोद कुमार ने बताया कि यह जागरूकता कार्यक्रम मवाना खुर्द पुलिस के सहयोग से आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। इस दौरान भराला निवासी मोनू और निलेहा निवासी प्रवीण धामा ने भी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान की भी रक्षा करें।
कार्यक्रम में एक भावुक संदेश के माध्यम से बताया गया कि माता-पिता गाड़ी के दो पहिए होते हैं और बच्चे उस गाड़ी के मुसाफिर। यदि गाड़ी का एक भी पहिया टूट जाए तो बच्चों का भविष्य और उनकी मंज़िल तक पहुंचना कठिन हो जाता है। इसलिए वाहन चलाते समय यह सोचें कि आपके बच्चे घर पर आपका इंतज़ार कर रहे हैं।
इस मौके पर टोल प्लाजा से सेफ्टी मैनेजर धर्मेंद्र कुशवाहा, पार्थ सिसोदिया, एचआर निखिल, वहीं मवाना खुर्द पुलिस चौकी से उप निरीक्षक संजय कुमार, उप निरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल मोहित कुमार उपस्थित रहे।
संदेश साफ है— यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और अपनों की खुशियों को सलामत रखें।
