मवाना (मेरठ)। – Mawana News
मवाना थाना पुलिस ने सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत के मामले में वांछित चल रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी पूनम जादोन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरताज (22 वर्ष) पुत्र वकील के रूप में हुई है, जो थाना भावनपुर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर औरंगाबाद, मेरठ का निवासी है। आरोपी को बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर आईएस धर्म कांटा, मील रोड से गिरफ्तार किया गया।
20 जनवरी को हुआ था भीषण हादसा
बताया गया कि 20 जनवरी 2026 को मवाना–मेरठ मार्ग पर स्प्रिंग डेल्स स्कूल के पास एक ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मृतकों की पहचान सेना के जवान शिवम चौधरी, निवासी गांव मीवा/रुकनपुरा बहन शोरा, और उनके साथी मोहित के रूप में हुई थी। घटना के बाद से आरोपी ट्रक चालक फरार चल रहा था।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी सरताज थाना हाजा के मु0अ0सं0 25/26 में
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की
- धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना),
- धारा 125बी (खतरनाक ड्राइविंग),
- धारा 106(1) (दुर्घटना से मृत्यु)
के तहत वांछित था।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है। अभियुक्त के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। हालांकि बीएनएस की धारा 281 जमानती है, लेकिन दो व्यक्तियों की मौत के चलते आरोपी को कड़ी कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।
