नए न्यायालय भवन के उद्घाटन से पहले चला विशेष सफाई अभियान, दमकल से पानी छिड़ककर सड़कें की गईं साफ
मवाना । मवाना-मेरठ मार्ग पर ग्राम छोटा मवाना के पास स्थित नए न्यायालय परिसर में जुडिशल न्याय मजिस्ट्रेट के नवीन न्यायालय भवन के उद्घाटन से पहले नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे परिसर और आसपास की सड़कों को साफ कर स्वच्छ वातावरण तैयार किया गया।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह के निर्देश पर सफाई कर्मचारियों की टीम ने न्यायालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार और बार गेट के पास सड़क पर व्यापक सफाई की। कर्मचारियों ने सड़क किनारे जमा धूल-मिट्टी और कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ किया।
सफाई अभियान के दौरान दमकल विभाग की टीम ने भी सहयोग करते हुए अपनी गाड़ी से सड़क पर पानी का छिड़काव किया। पानी के छिड़काव से सड़क पर जमी धूल पूरी तरह बैठ गई, जिससे पूरा परिसर साफ और चमकदार नजर आने लगा।
नगर पालिका द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य न्यायालय भवन के उद्घाटन से पहले परिसर को पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना था, ताकि आने वाले लोगों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद की इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि ऐसे सफाई अभियानों से शहर की छवि बेहतर होती है और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।