मवाना में फोटोग्राफर पर लूट के इरादे से हमला, घायल होने के बावजूद किया मुकाबला; बदमाश टी-शर्ट छोड़कर फरार
मवाना में फोटोग्राफर पर लूट के इरादे से हमला, घायल होने के बावजूद किया मुकाबला
मवाना। मेरठ के मवाना में शुक्रवार रात एक फोटोग्राफर पर लूट के इरादे से हमला कर दिया गया। अज्ञात बदमाश ने ईंट से वार कर फोटोग्राफर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि घायल होने के बावजूद फोटोग्राफर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश का मुकाबला किया। हाथापाई के दौरान हमलावर अपनी टी-शर्ट छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घायल फोटोग्राफर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मवाना के मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी सुशील नूनीवाल पेशे से फोटोग्राफर हैं। उनका छोटा भाई पत्रकार है। शुक्रवार रात सुशील एक शादी समारोह में फोटोग्राफी के लिए जाने वाले थे। वह अपने साथी का इंतजार करने के लिए मवाना स्थित पक्का तालाब के पास रोडवेज के सामने बने यात्री शेड में बैठे हुए थे। उनके पास एक बैग और मोबाइल फोन था।
इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश वहां पहुंचा और सुशील के बैग व मोबाइल को लूटने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। बदमाश ने पास पड़ी ईंट उठाकर सुशील के चेहरे पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले में सुशील गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके चेहरे से खून बहने लगा।
घायल होने के बावजूद सुशील ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई हो गई। हाथापाई के दौरान बदमाश की टी-शर्ट सुशील के हाथ में आ गई। खुद को घिरता देख बदमाश अपनी टी-शर्ट छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
सुशील के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलने पर सुशील के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में मवाना सीएचसी में भर्ती कराया।
परिजनों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।